‘चार साल बेमिसाल’ के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच उतरेंगे मुख्यमंत्री, 23 मार्च को देहरादून में होगा भव्य संवाद

चार साल पूरे होने पर 23-25 मार्च तक उत्तराखंड सरकार अपने ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

देहरादून। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 23 से 25 मार्च तक प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस आयोजन का केंद्रीय कार्यक्रम 23 मार्च, सोमवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में होगा। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर 12:30 बजे जनता को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का यह संबोधन प्रदेश के अन्य 12 जिलों में भी सीधा प्रसारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की उपलब्धियों से अवगत हो सकें।

मुख्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न दिखे। मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और सफाई जैसे कार्यों की विभागवार जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर हर गतिविधि मिनट-टू-मिनट तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाए। स्वास्थ्य विभाग को महिलाओं और युवतियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण स्टाल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। समाज कल्याण विभाग दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र जारी करने और सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था करेगा।

विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, जल संस्थान स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगा और पूर्ति विभाग जलपान की जिम्मेदारी संभालेगा। लोक निर्माण विभाग मंच और बैरिकेडिंग का कार्य करेगा, नगर निगम सफाई व्यवस्था देखेगा जबकि पुलिस सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह आयोजन सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग अपने दायित्व को गंभीरता से निभाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीण कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सरकार इस अवसर पर बुनियादी ढांचे, सड़क परियोजनाओं, निवेश, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रस्तुत करेगी। सूचना विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर साहित्य वितरण और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। जिला मुख्यालयों पर भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित कर उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

यह आयोजन न केवल सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का भी अवसर बनेगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments