दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त कार भी सीज
देहरादून । दून पुलिस ने सहसपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून का शिकंजा कस दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 22 मार्च की रात थाना सहसपुर पुलिस को सूचना मिली कि धर्मावाला चौक पर कुछ शरारती तत्व मारपीट और हुड़दंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। वहां कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते मिले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले चारों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित रविन्द्र सिंह, पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी शाहपुर कल्याणपुर, पो. धर्मावाला, देहरादून की तहरीर के आधार पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उनके वाहन को क्षतिग्रस्त किया तथा अपने वाहन को खतरनाक तरीके से चलाकर आमजन के जीवन को भी खतरे में डाला।

पुलिस ने इस मामले में मु.अ.सं. 59/26 के तहत धारा 115(2), 281, 324(4), 352, 351(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया है। घटना में प्रयुक्त कार संख्या UP37L 7421 (SUV 300) को भी पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है: इकराम पुत्र अब्दुल लतीफ, निवासी ग्राम धर्मावाला, सहसपुर, उम्र 36 वर्ष।
विशाल गोयल पुत्र राजेश रामस्वरूप गोयल, निवासी शाहपुर धर्मावाला, सहसपुर, उम्र 32 वर्ष। शाहरुख पुत्र लियाकत, निवासी प्रतीतपुर, सहसपुर, उम्र 26 वर्ष। अरशद पुत्र अलाउद्दीन, निवासी प्रतीतपुर, सहसपुर, उम्र 26 वर्ष।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Recent Comments