अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 20.89 ग्राम स्मैक बरामद, कीमत 6 लाख रुपये से अधिक
देहरादून । मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने की दिशा में दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से एक महिला समेत दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 20.89 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 22 मार्च की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कसाई मोहल्ला, कुंजा ग्रांट क्षेत्र से रुखसाना पत्नी स्वर्गीय मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 14.58 ग्राम अवैध स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और स्मैक बिक्री से अर्जित 5150 रुपये बरामद किए। बरामद स्मैक की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में रुखसाना ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करती है, लेकिन उससे घर का खर्च मुश्किल से चल पाता था। इसी कारण जल्दी अधिक पैसा कमाने के लालच में उसने स्थानीय नशेड़ियों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक खरीदकर उसे महंगे दामों में बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला का पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है और वह इस मामले में पहले भी जेल जा चुकी है।

वहीं, कोतवाली सहसपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान होरावाला रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास से राकिब पुत्र उमरद्दीन निवासी रेडापुर ढाकी, सहसपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 6.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सहसपुर में मु.अ.सं. 57/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार राकिब भी पहले एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ पूर्व में दो मुकदमे दर्ज हैं।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे अभियुक्तों के विरुद्ध लगातार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments