निजी शिक्षण संस्थान में वर्चस्व की लड़ाई खूनी टकराव में बदली; गंभीर रूप से घायल छात्र ने दून अस्पताल में तोड़ा दम
देहरादून । प्रेमनगर क्षेत्र में युवकों के दो पक्षों के बीच हुई मारपीट ने एक छात्र की जान ले ली। केहरी गांव में सोमवार देर रात हुए खूनी झगड़े में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान दून अस्पताल में मृत्यु हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर घटना में शामिल तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, विवाद की जड़ प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में छात्रों के बीच लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई थी।
पुलिस को 23 मार्च 2026 की रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि केहरी गांव, प्रेमनगर में कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रेमनगर पुलिस मौके पर सक्रिय हुई और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रेमनगर पहुंचे। वहां घायल युवक की पहचान दिव्यांशु जाटराना, पुत्र अमित जाटराना, निवासी ग्राम अथाई, थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई। डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के दौरान एक मानवीय पहलू भी सामने आया। अस्पताल में एंबुलेंस खराब होने के कारण पुलिस ने समय गंवाए बिना घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से दून अस्पताल पहुंचाया और साथ ही उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद दिव्यांशु को बचाया नहीं जा सका। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवाया।
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में धारा 3(5), 61(2), 103(1) और 191(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के युवक प्रेमनगर के एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं और उनके बीच कॉलेज परिसर में आपसी वर्चस्व को लेकर पुरानी तनातनी चल रही थी। यही तनाव 23 मार्च को खुली हिंसा में बदल गया और मारपीट की इस वारदात में दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए युवकों में युवराज कुमार पुत्र चंद्र प्रकाश, मूल निवासी भोजपुर, बिहार, हाल निवासी केहरी गांव, प्रेमनगर, जो बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र बताया गया है; मधुर खंडेलवाल पुत्र मोहन खंडेलवाल, मूल निवासी रुद्रपुर, उधम सिंह नगर, हाल निवासी चित्रकूट एन्क्लेव फेज-2, प्रेमनगर, जो बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है; तथा शिवम शर्मा पुत्र मृत्युंजय कुमार, मूल निवासी दानापुर, पटना, बिहार, हाल निवासी चित्रकूट एन्क्लेव फेज-2, प्रेमनगर, जो बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है, शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रेमनगर की इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों के भीतर पनप रही गुटबाजी, दबदबे की मानसिकता और हिंसक टकराव की चिंताजनक तस्वीर सामने रख दी है। जिस उम्र में युवा अपने भविष्य की इमारत खड़ी करते हैं, उसी उम्र में बढ़ती आक्रामकता और वर्चस्व की होड़ ने एक घर का चिराग बुझा दिया।

Recent Comments