देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने राजधानी में ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमों ने बीते 24 घंटों में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों, विशेषकर पटेलनगर और सेलाकुई में सघन चेकिंग अभियान चलाकर अपराधियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा दिया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें 09 वारंटी, 03 शातिर वाहन चोर और एक नशा तस्कर शामिल है।
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के तीन दोपहिया वाहन और भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद की है। नशे के खिलाफ जारी इस जंग में विकासनगर क्षेत्र से भी एक अन्य नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से 6.81 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस की यह कार्रवाई केवल अपराधियों की धरपकड़ तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त कदम उठाए गए। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 70 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, सत्यापन अभियान के तहत पीजी, हॉस्टल और किरायेदारों का विवरण पुलिस को उपलब्ध न कराने वाले 71 प्रतिष्ठान स्वामियों पर कड़ा प्रहार करते हुए 07 लाख 10 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया। इसी दौरान सेलाकुई पुलिस ने हरियाणा के एक संदिग्ध व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है और वह बिना सत्यापन के क्षेत्र में निवास कर रहा था।

यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी पुलिस ने व्यापक स्तर पर चालानी कार्यवाही की। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 13 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया गया, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 179 चालकों से सवा लाख रुपये के करीब जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त, गंभीर उल्लंघनों के मामले में 170 चालकों के कोर्ट चालान कर 75 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध रूप से घूमने वाले 111 व्यक्तियों के खिलाफ भी पुलिस एक्ट में कार्यवाही कर जुर्माना वसूला गया है।
शहर की सुरक्षा को डिजिटल रूप से अभेद्य बनाने के लिए एसएसपी देहरादून की एक विशेष पहल का असर भी धरातल पर दिखने लगा है। पुलिस कप्तान के निर्देशों के बाद अब तक शहर के 14 प्रमुख पब, बार और होटल स्वामियों ने अपने प्रतिष्ठानों के प्रवेश और निकास द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का लाइव एक्सेस पुलिस को उपलब्ध करा दिया है। इसके लिए गठित विशेष टेक्निकल टीम अन्य प्रतिष्ठान संचालकों के साथ भी समन्वय स्थापित कर रही है ताकि पूरे शहर के संवेदनशील व्यापारिक प्रतिष्ठानों को पुलिस निगरानी तंत्र से जोड़ा जा सके।

संचालकों ने पुलिस के इस सकारात्मक प्रयास में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है, जिससे अब नियमों का उल्लंघन करने वालों और आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस की तीसरी आँख का सीधा पहरा रहेगा।

Recent Comments