18.5 लाख डकैती का आरोपी ऋषिकेश से दबोचा, 1 लाख का इनामी बदमाश भी चढ़ा हत्थे
देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत उत्तराखंड पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई अहम सफलताएं हासिल की हैं। देहरादून पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर न केवल कई वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, बल्कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिक्रमण, यातायात और सत्यापन अभियान भी तेज कर दिए हैं।
सबसे प्रमुख कार्रवाई राजपुर फायरिंग और हत्याकांड में हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदेश गिरी निवासी शामली (उत्तर प्रदेश), समीर चौधरी निवासी हरिद्वार तथा मोहित अरोड़ा निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली शामिल हैं। यह मामला बार में हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच पीछा करने और फायरिंग से जुड़ा है, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वृद्ध व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस पहले ही इस प्रकरण में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

इसी अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता तब मिली जब महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग क्षेत्र में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी योगेश रमेश लहारे को ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया गया। देहरादून पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान की मदद से आरोपी को चिन्हित कर पकड़ा। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इसके अलावा, उड़ीसा के कटक जनपद से जेल तोड़कर फरार हुए 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को भी पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र से दबोच लिया। बिहार के बेगूसराय निवासी इस आरोपी की गिरफ्तारी उड़ीसा पुलिस से मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान चलाकर आरोपी को वाहन सहित घेराबंदी कर पकड़ा। इस कार्रवाई को देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ देहरादून पुलिस ने शहर में अव्यवस्था फैलाने वालों पर भी शिकंजा कसा है। ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग से डाकरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए और 6 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 83 पुलिस एक्ट तथा 14 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, नो पार्किंग जोन और फुटपाथ पर खड़े 8 वाहनों को क्रेन से हटाकर कोतवाली कैंट लाया गया और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए।
डीजीपी उत्तराखंड दीपम सेठ ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे प्रदेश में पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों और बैरियरों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही जनसुरक्षा के मद्देनजर पीजी, हॉस्टल, होटल, आश्रम और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार चालान और वैधानिक कार्रवाई जारी है। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले पब और बार के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। शहरों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।


Recent Comments