एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में चला सघन चेकिंग अभियान, मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से की संवाद
देहरादून । राजधानी देहरादून में आमजन को सुरक्षा का अहसास दिलाने के उद्देश्य से दून पुलिस शुक्रवार तड़के ही सड़कों पर उतर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक के नेतृत्व में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गौरा पुलिस और यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक पार्कों, मुख्य मार्गों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस टीमों ने लगातार भ्रमण कर मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों तथा अपने कार्यस्थलों के लिए निकल रही महिलाओं से संवाद किया। पुलिस ने उनसे बातचीत करते हुए भरोसा दिलाया कि दून पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है।
सुबह के समय चलाए गए इस विशेष अभियान में उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, जहां आमतौर पर लोग सैर, व्यायाम या दैनिक कार्यों के लिए आते-जाते हैं। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे और संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा जनपद के सभी अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में दिन-रात सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में दून पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
दून पुलिस का यह अभियान न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि इससे आमजन, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है।

Recent Comments