​उत्तराखंड में डिजिटल हेल्थ क्रांति: ABDM कार्यशाला में विशेषज्ञों ने तैयार किया भविष्य का रोडमैप

देहरादून। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM), उत्तराखंड द्वारा देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के माननीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण, ABHA ID के व्यापक उपयोग, टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार तथा राज्य में ABDM के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि श्री सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन देश में डिजिटल हेल्थ क्रांति का आधार बन चुका है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी ABHA ID बनाकर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बन सकें। कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण सत्र से हुई, जिसके उपरांत ABDM के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत प्रस्तुतियां दी गईं।

राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य पर प्रस्तुति देते हुए डॉ. पंकज कुमार अरोरा (IRHS), निदेशक, ABDM (NHA) ने बताया कि किस प्रकार ABDM देशभर में एकीकृत डिजिटल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है। उन्होंने हेल्थ आईडी, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड और इंटरऑपरेबिलिटी के महत्व को रेखांकित किया।

ABDM एवं AB-PMJAY के एकीकरण पर सत्र में सुश्री ज्योति यादव (IAS), संयुक्त सचिव, AB-PMJAY (NHA) ने डिजिटल क्लेम प्रोसेसिंग, लाभार्थी ट्रैकिंग एवं डेटा इंटीग्रेशन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया और बताया कि इससे नागरिकों को seamless healthcare services मिल रही हैं।

राज्य परिप्रेक्ष्य प्रस्तुत करते हुए श्रीमती रीना जोशी (IAS), राज्य मिशन निदेशक (ABDM) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), स्टेट हेल्थ अथॉरिटी, उत्तराखंड ने राज्य में ABDM की प्रगति, उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में ABHA ID निर्माण, हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्रेशन एवं डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड के एकीकरण में तेजी से प्रगति हो रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित हो रही है।

उद्घाटन सत्र में सचिन कुर्वे (IAS), सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य, उत्तराखंड ने स्वागत संबोधन में कहा कि डिजिटल हेल्थ सेवाएं भविष्य की आवश्यकता हैं और राज्य सरकार इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

डॉ. सुनील कुमार बरनवाल (IAS), CEO, National Health Authority ने अपने संबोधन में डिजिटल हेल्थ गवर्नेंस, डेटा सुरक्षा एवं राष्ट्रीय स्तर पर ABDM के विज़न को साझा किया तथा राज्यों को नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में सुश्री प्रज्ञा पालिवाल, प्रबंधक (ABDM) ने जमीनी स्तर पर ABDM के क्रियान्वयन, चुनौतियों एवं उनके समाधान पर प्रकाश डाला। सुष्रुत क्लिनिक, CDSS एवं DHIS पर प्रस्तुति देते हुए राहुल वशिष्ठ, प्रबंधक, NHA ने डिजिटल क्लिनिकल सपोर्ट सिस्टम एवं हेल्थ डेटा मैनेजमेंट के महत्व को विस्तार से समझाया। अंतिम सत्र में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए, जिसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सेवाओं में आए सकारात्मक बदलावों को प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीमती रीना जोशी (IAS), राज्य मिशन निदेशक (ABDM) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), स्टेट हेल्थ अथॉरिटी, उत्तराखंड ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन उत्तराखंड के लिए परिवर्तनकारी पहल साबित हो रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, विशेषज्ञों एवं हितधारकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही डिजिटल हेल्थ सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में ABDM के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी विभागों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं तकनीकी साझेदारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, उत्तराखंड ने सभी नागरिकों एवं संबंधित हितधारकों से इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को अपनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया, ताकि एक सशक्त, समावेशी एवं आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके तथा “विकसित भारत” के संकल्प को साकार किया जा सके।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments