मोर्चा का आगाही – पेंशन नहीं बहाली तो चुनाव में भुगतना पड़ेगा खामियाजा
देहरादून। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड के शीर्ष पदाधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसमें गुड्डी मटूडा को प्रदेश सलाहकार नियुक्त किया गया। साथ ही 12 अप्रैल को देहरादून में विधानसभा से मुख्यमंत्री आवास तक होने वाली बाइक रैली की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के कार्मिक विगत कई वर्षों से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा उनकी मांग नहीं मानी जा रही है। इससे कार्मिकों में रोष व्याप्त होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव सीता राम पोखरियाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार यदि शीघ्र पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती है तो आगामी विधानसभा चुनाव में उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कार्मिक अब धैर्य खो चुके हैं और यह मुद्दा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
मुख्य समन्वयक लक्ष्मण सजवान ने बताया कि देहरादून में होने वाली बाइक रैली में ढाई हजार से अधिक कार्मिक प्रतिभाग करेंगे। यह रैली पुरानी पेंशन बहाली की मांग को सरकार तक पहुँचाने का एक प्रभावी माध्यम होगी।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित जोशी ने कहा कि महारैली के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रूट, सुरक्षा, और मार्ग के बिंदुओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रांतीय संयुक्त सचिव अभिषेक नवानी ने कहा कि यह महारैली ऐतिहासिक होगी और प्रदेश में पेंशन आंदोलन को एक नई दिशा देगी।
देहरादून जिलाध्यक्ष मखन लाल शाह ने कहा कि देहरादून के अतिरिक्त सभी जनपदों में लोगों में इस महारैली के प्रति अपार उत्साह है। सभी जिलों से कार्मिक बड़ी संख्या में देहरादून पहुँचेंगे।
गौरतलब है कि इस बैठक में गुड्डी मटूडा को प्रदेश सलाहकार नियुक्त करने पर भी सहमति बनी, जिनसे आने वाले दिनों में आंदोलन को और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई गई है।

Recent Comments