हवन यज्ञ से शुरुआत, स्मारिका विमोचन व भोजन प्रसाद भी
देहरादून। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान विष्णु के छठे अवतार चिरंजीवी भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव को लेकर अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा उत्तराखंड द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी कि यह आयोजन प्रथम बार किया जा रहा है, जिसमें युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं स्मारिका विमोचन मुख्य आकर्षण होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ हवन यज्ञ से किया जाएगा, उसके उपरांत दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद अतिथि सम्मान, स्वागत गीत व वंदना, स्मारिका विमोचन, भगवान विष्णु के छठे अवतार चिरंजीवी परशुराम जी के जन्म चरित्र का उद्बोधन, भोजन प्रसाद वितरण, युवक-युवती परिचय सम्मेलन, परशुराम जी की आरती व जलपान का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन अध्यक्ष द्वारा किया जाएगा। मनमोहन शर्मा ने बताया कि महासभा को जिन परिवारों का पंजीकरण फॉर्म प्राप्त होगा, उनके युवक-युवती को परिचय सम्मेलन में भागीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की है।

Recent Comments