
देहरादून (प्रेमनगर)। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में विश्वासघात और पुलिस के साथ अभद्रता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यापारी के ऑफिस में लाखों की चोरी और धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक के परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा काटा। आरोप है कि युवक की पत्नी और साले ने महिला पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डाली, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नौकरी और भरोसे की आड़ में 55 लाख का चूना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, श्यामपुर अंबीवाला निवासी यशपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि परवीन सेमवाल नाम का व्यक्ति उनके पास साल 2020 से नौकरी कर रहा था। यशपाल उस पर अटूट विश्वास करते थे और उसे वर्तमान में ₹18,000 प्रतिमाह वेतन दे रहे थे।
आरोप है कि परवीन ने इस भरोसे का फायदा उठाकर अपनी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल और साले आकाश के साथ मिलकर एक आपराधिक साजिश रची। उन्होंने ऑफिस के कैश काउंटर की नकली चाबी बनवा ली और वहां से नगदी चोरी करने लगे। इतना ही नहीं, बिना मालिक की जानकारी के सरिया, बजरी और सीमेंट जैसे निर्माण सामग्री को भी बाहर बेचकर लाखों रुपये हड़प लिए। जनवरी 2026 में जब यशपाल के बेटे ने हिसाब की जांच की, तो करीब 55 लाख रुपये की हेराफेरी का खुलासा हुआ।
समझौते से मुकरा आरोपी
पीड़ित का कहना है कि चोरी पकड़े जाने पर परवीन ने ₹20 लाख लौटाने का लिखित समझौता किया था, लेकिन बाद में वह अपनी बात से मुकर गया और आरोप लगाया कि उससे जबरन समझौता लिखवाया गया है। इसी मामले की जांच के लिए पुलिस ने परवीन को थाने बुलाया था।
थाने के भीतर हाई वोल्टेज ड्रामा और मारपीट
जब परवीन थाने में मौजूद था, तभी उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल और साला आकाश वहां पहुंचे और शोर-शराबा शुरू कर दिया। आकाश पुलिस कार्रवाई का वीडियो बनाने लगा। जब मौके पर मौजूद अपर उप निरीक्षक (ASI) शोभा मेहता ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर प्रतीक्षा सेमवाल उग्र हो गई और उसने महिला अधिकारी के साथ मारपीट व हाथापाई कर वहां से भागने की कोशिश की।
सीसीटीवी से खुली पोल, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर प्रतीक्षा और उसके भाई आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि थाने के CCTV फुटेज से यह साफ हो गया है कि प्रतीक्षा और आकाश खुद थाने आए थे, उन्हें पुलिस लेकर नहीं आई थी। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

Recent Comments