“एक दिन के विधायक को पेंशन, 40 साल के कर्मचारी को नहीं” : पौड़ी में OPS के लिए जोरदार मोर्चा

पौड़ी गढ़वाल। पुरानी पेंशन बहाली (OPS) की मांग को लेकर पौड़ी में हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संघ व उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आज जनपद मुख्यालय पौड़ी में विभिन्न विभागों का भ्रमण कर गेट मीटिंग के माध्यम से कर्मचारियों को जागरूक किया गया।

कार्यकर्ताओं ने आगामी 1 मई 2026 को आयोजित होने वाली विशाल रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। भ्रमण के दौरान कर्मचारी नेताओं ने जमकर अपनी बात रखी और नई पेंशन योजना (NPS) को कर्मचारियों के भविष्य के लिए घातक बताया।

रेवती नंदन डंगवाल, अध्यक्ष फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन उत्तराखंड (गढ़वाल मंडल), ने सवाल उठाया, “जब एक दिन के विधायक और सांसद को पेंशन की सुविधा मिलती है, तो अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी जो 30-40 साल सेवा देते हैं, उन्हें पुरानी पेंशन से वंचित क्यों किया जा रहा है?” उन्होंने इसे घोर अन्याय बताते हुए तत्काल OPS बहाली की मांग की।

संजय नेगी, पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संघ जनपद पौड़ी गढ़वाल, ने कड़ा आरोप लगाया कि सरकारें कर्मचारियों की मेहनत की कमाई को शेयर बाजार में निवेश कर रही हैं, जो अत्यधिक जोखिमपूर्ण है। उन्होंने कहा, “कर्मचारी अपने बुढ़ापे को लेकर चिंतित हैं। सुरक्षित भविष्य के लिए OPS बहाली आज की सबसे बड़ी जरूरत है।”

सीताराम पोखरियाल, प्रदेश महासचिव (राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड) एवं अध्यक्ष उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन जनपद पौड़ी गढ़वाल, ने कहा कि पौड़ी उत्तराखंड राज्य की जननी है और यहाँ से उठने वाली आवाज सदैव निर्णायक रही है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से 1 मई को अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर रैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

दीपक गोडीयाल (जिला सचिव) एवं अंकित कठेत (कोषाध्यक्ष), मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन, ने संयुक्त बयान में कहा कि सभी कर्मचारी एकजुट होकर पौड़ी पहुँचें और इस रैली को इतिहास का हिस्सा बनाएँ।

इस भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुभाष चमोली, संदीप भट्ट, जसपाल रावत, आजाद सिंह, प्रदीप सिंह, संजय नेगी, रेवती नंदन डंगवाल, सीताराम पोखरियाल, दीपक गोडीयाल, अंकित कठेत, संजय सिंह, शेखर जोशी, कुसुमलता शाह, मुकेश चन्द्र, गुलाब सिंह, रणवीर सिंह, गीता देवी, विजय कुमार, राहुल शाह, पवन भारती, गौतम सिंह सहित अनेक कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments