देहरादून। जनपद में चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलताएं मिली हैं। एसएसपी दून के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस ने रायपुर क्षेत्र में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अलग-अलग थानों ने मादक पदार्थ और अवैध शराब की तस्करी में लिप्त दो अन्य अभियुक्तों को भी पकड़ा है।
रायपुर: निर्माणाधीन मकान से चोरी का अनावरण
रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन मार्ग स्थित एक निर्माणाधीन मकान से 28 अप्रैल को पानी की मोटर, ग्लैंडर मशीन, गैंती, बिजली के तार और अन्य सामान चोरी हो गया था। पीड़िता मीना गुरूंग की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आज 30 अप्रैल को गुरुद्वारा रोड रायपुर के पास से आरोपी भोला नदाफ उर्फ दिलशाद (पुत्र फिदीश, उम्र 19) को चोरी का माल बरामद करने के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत की पूर्ति के लिए उसने यह वारदात की थी।
नेहरू कॉलोनी: युवक के पास से 1.1 किलो गांजा बरामद
नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अजबपुर फ्लाईओवर के नीचे से उमेश (पुत्र बलम नाथ, उम्र 25 वर्ष) को 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी सपेरा बस्ती, आकाशवाणी केंद्र के पास का रहने वाला है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

रायवाला: 18 वर्षीय तस्कर के पास से शराब और बियर
कोतवाली रायवाला पुलिस ने सत्यनारायण मंदिर के पास से विधित उर्फ राहुल (पुत्र राम गोपाल, उम्र 18 वर्ष) को अवैध शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक पेटी अंग्रेजी शराब प्रेस्टीज ग्रीन व्हिस्की और दो पेटी बी यंग बियर बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी देहरादून ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी थानों को सघन चेकिंग और संदिग्धों का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान तेज कर दिया गया है। ऑपरेशन प्रहार से अपराधियों में हड़कंप मच गया है और आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा।

Recent Comments