नर्सिंग अभ्यर्थियों के आंदोलन में ज्योति रौतेला समेत पांच लोग पानी की टंकी पर 30 घंटे से, सरकार ने नहीं की बातचीत की पहल

देहरादून। नर्सिंग अभ्यर्थियों की वर्षों से लंबित मांगों और लगातार हो रही अनदेखी के विरोध में आंदोलन तीव्र हो गया है। सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय न होने से आक्रोशित होकर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित पांच आंदोलनकारी परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। उन्हें टंकी पर चढ़े 30 घंटे से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से बातचीत की कोई पहल नहीं हुई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, वे टंकी पर ही धरना देते रहेंगे।

इससे पहले, कल रात ज्योति रौतेला ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि ऊपर से आदेश हैं कि टंकी पर चढ़े लोगों को पानी और भोजन न दिया जाए। उन्होंने कहा, “यह सरकार सत्ता के नशे में डूब चुकी है और इस अहंकारी सरकार का अब जनता अंत करेगी।”

उल्लेखनीय है कि नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 159 दिनों से वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से केवल आश्वासन दिए गए, जबकि भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया।

ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित नर्सिंग अभ्यर्थी बेरोजगारी और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

रौतेला ने कहा कि यह लड़ाई केवल नर्सिंग अभ्यर्थियों की नहीं, बल्कि प्रदेश के हर उस युवा की है जो रोजगार और न्याय की मांग कर रहा है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments