देहरादून। देवभूमि में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा और निर्णायक अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ छेड़ रखा है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में हाईलेवल समीक्षा बैठक के दौरान इस राज्यव्यापी अभियान की विस्तृत रिपोर्ट पेश की। पिछले एक महीने के भीतर पुलिस ने 1,400 से अधिक अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजकर संगठित अपराध की कमर तोड़ दी है।
आतंकी साजिशों और घुसपैठ का पर्दाफाश
समीक्षा बैठक में यह तथ्य सामने आया कि इस अभियान के तहत पुलिस ने न केवल स्थानीय अपराधियों, बल्कि राष्ट्रविरोधी तत्वों पर भी बड़ी चोट की है। ऊधमसिंहनगर में भारी असलहे के साथ गिरफ्तार हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा के तार आतंकी संगठन ‘अल बदर’ से जुड़े पाए गए हैं। वहीं, एसटीएफ ने देहरादून से विक्रांत कश्यप नामक व्यक्ति को दबोचा है, जो पाकिस्तानी आतंकी संगठन ‘अल बरक ब्रिगेड’ के संपर्क में था। इसके अतिरिक्त, फर्जी दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से रह रहे 3 बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
वांछित अपराधियों और अवैध हथियारों पर नकेल
अभियान के दौरान 1,400 से अधिक वांछित, फरार और इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 और गुंडा एक्ट के तहत 130 से अधिक लोगों के खिलाफ कठोर निरोधात्मक कार्रवाई की है। राज्यभर से 66 अवैध शस्त्र बरामद कर उनकी सप्लाई चेन को भी खंगाला जा रहा है।

सड़क सुरक्षा और सत्यापन अभियान
नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है:
- यातायात कार्रवाई: रैश ड्राइविंग और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान 15,000 वाहनों के चालान किए गए और 2,000 वाहन सीज किए गए।
- व्यापक सत्यापन: बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए 40,000 से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया।
- होटल-ढाबों की जांच: 18,000 से अधिक होटल, पब, बार और स्पा की चेकिंग की गई, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर 1200 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
चारधाम यात्रियों को साइबर ठगी से बचाया
चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को हेली टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर ठगने वाले गिरोहों पर भी शिकंजा कसा गया है। पुलिस ने 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक ब्लॉक किए हैं और 50 संदिग्ध मोबाइल नंबर बंद कराए हैं। इस धोखाधड़ी में शामिल 147 लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

सुरक्षा के लिए संकल्पबद्ध पुलिस: महानिदेशक
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड पुलिस राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ को आने वाले दिनों में और अधिक तीव्रता और दृढ़ता के साथ जारी रखा जाएगा ताकि अपराधियों के मन में कानून का डर बना रहे।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, रिधिम अग्रवाल, कृष्ण कुमार वी.के., नीलेश आनन्द भरणे, राजीव स्वरूप, सुनील कुमार मीणा और धीरेन्द्र गुंज्याल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments