देहरादून, 14 मई 2026 – मां० मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने बुधवार को नशा तस्करों से लेकर रंगदारी मांगने वाले गिरोह तक पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। एक ही दिन में ANTF ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ तस्कर दबोचा, ऋषिकेश पुलिस ने कारोबारी से रंगदारी मांगने वाले गिरोह के 3 और सदस्य पकड़े और पूर्व सैनिक से मारपीट करने वाला आरोपी भी सलाखों के पीछे पहुंचा।
ANTF ने पकड़ी 1935 नशीली गोलियां-कैप्सूल
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) देहरादून ने बसंत विहार क्षेत्र में हरबंसवाला तिराहे के पास से दिलशाद पुत्र खुर्शीद निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 960 कैप्सूल Acetaminophen Tramadol HCL & Dicyclomine Hcl और 975 गोलियां Alprazolam tablets IP 0-5 mg बरामद हुईं। पूछताछ में दिलशाद ने कबूला कि वह ये नशीली दवाएं दिलशाद नाम के ही दूसरे व्यक्ति से लाकर शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों पर बेचने की फिराक में था। थाना बसंत विहार में धारा 8/22/29 NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई टीम में प्रभारी निरीक्षक मुकेश त्यागी, उ०नि० मुकेश नेगी, देवेंद्र गुप्ता, कांस्टेबल विक्रम और सुधीर नौटियाल शामिल रहे।
रंगदारी गैंग के 3 और सदस्य गिरफ्तार
ऋषिकेश में कारोबारी अतुल गुप्ता से 25 लाख की रंगदारी मांगने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा और कस गया। मुख्य साजिशकर्ता अनुज गोयल समेत 3 सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद बुधवार देर रात पुलिस ने अंशुल पुत्र मुकेश, विवेक कुमार पुत्र महेन्द्र कुमार और आदित्य कुमार पुत्र महेश कुमार को देहरादून रोड फ्लाईओवर से दबोच लिया। इनके कब्जे से रंगदारी के 9 हजार रुपये और 3 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुए।
10 मई को वादी ने तहरीर दी थी कि अनुज गोयल और उसके साथी हत्या-लूट के झूठे केस में फंसाने का डर दिखाकर “पुलिस सेटिंग” के नाम पर 20-25 लाख मांग रहे हैं और 2 लाख वसूल चुके हैं। पुलिस ने मु0अ0सं0 181/2026 धारा 318(4)/308(3)/3(5) BNS दर्ज कर 13 मई को अनुज गोयल, शुभम चौहान और आदित्य लोधी को 1,83,500 रुपये के साथ पकड़ा था। पूछताछ में बाकी तीन के नाम सामने आए। गिरफ्तार अभियुक्तों ने माना कि वे वसूली के वक्त मौके पर मौजूद थे और रकम में हिस्सा मिला था।
पूर्व सैनिक से मारपीट करने वाला गिरफ्तार
कोतवाली ऋषिकेश ने ओम विहार कॉलोनी गुमानीवाला में पूर्व सैनिक राय सिंह बिष्ट के घर में घुसकर मारपीट करने वाले मनीष पुत्र देवेन्द्र शर्मा (24) को गिरफ्तार किया। 10 मई की रात आरोपी ने दीवार फांदकर घर में घुसकर वादी और उनकी पत्नी से मारपीट की और मोबाइल छीनकर फेंक दिया था। मु0अ0सं0 184/2026 धारा 117(2)/333/115(2) BNS में केस दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपी को गुमानीवाला से पकड़ा।
एसएसपी ने ली समीक्षा गोष्ठी, दिए सख्त निर्देश
ऑपरेशन प्रहार की समीक्षा के लिए बुधवार को एसएसपी देहरादून ने सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी की। उन्होंने दो टूक कहा कि अभियान में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। सभी क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में वांछित, इनामी और पेशेवर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। शांति व्यवस्था भंग करने वालों और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बाहरी लोगों पर नियमित सत्यापन अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
एसएसपी ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती के निर्देश दिए। रैश/ड्रंक ड्राइव, बिना नंबर प्लेट और अनाधिकृत हूटर-काली फिल्म वाले वाहनों पर कार्रवाई हो। रात में बार, पब, होटल और ढाबों की नियमित चेकिंग कर निर्धारित समय के बाद खुलने वाले प्रतिष्ठानों पर वैधानिक कार्रवाई के आदेश दिए गए।
दून पुलिस की एक दिन में हुई इन कार्रवाइयों से साफ है कि एसएसपी दून की कुशल रणनीति से नशा तस्कर और अपराधी लगातार पुलिस के चक्रव्यूह में फंस रहे हैं।

Recent Comments