कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह को संबोधित किया 

मसूरी । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी में मसूरी पब्लिक स्कूल के “वार्षिक उत्सव-2026” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों, खेल प्रतियोगिताओं एवं आकर्षक स्टॉल्स ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक मूल्यों के विकास का माध्यम भी बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि मसूरी पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन प्रदान कर समाज के लिए योग्य नागरिक तैयार कर रहा है। उन्होंने विद्यालय की ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1966 में छोटे स्तर से शुरू हुआ यह संस्थान आज शिक्षा जगत में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के संस्थापकों ने स्थानीय बच्चों को बेहतर अंग्रेजी माध्यम शिक्षा उपलब्ध कराने का जो सपना देखा था, आज वह नई ऊंचाइयों तक पहुंच चुका है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर कई छात्र देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक, तकनीकी एवं रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि युवा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित हूपला, कप पिरामिड, बास्केटबॉल, फूड स्टॉल्स एवं बच्चों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प और रचनात्मक प्रदर्शनों की सराहना करते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, विद्यालय के प्रधानाचार्य विशाल सिंह, उप-प्रधानाचार्या भावना गौतम, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments