देहरादून। देवभूमि की सरजमीं एक बार फिर क्रिकेट के रोमांच से सराबोर होने जा रही है। 22 मई से शुरू होने वाला 42वां उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट इस बार और भी भव्य अंदाज में क्रिकेट प्रेमियों के सामने होगा। 7 जून तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर की नामी टीमों के साथ नेपाल की टीम भी मैदान में उतरकर खिताब के लिए जोर आजमाइश करेगी। कुल 16 टीमें चार ग्रुपों में बंटकर क्रिकेट का महासंग्राम लड़ेंगी।
देवभूमि गोल्ड कप क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में सचिव पीसी वर्मा ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट का रोमांच कई गुना बढ़ने वाला है। विजेता टीम को 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार और गोल्ड कप ट्रॉफी (प्रतिलिपि) से सम्मानित किया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम 7 लाख रुपये और ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
टूर्नामेंट में हर मुकाबले में चमकने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच के रूप में 5 हजार रुपये दिए जाएंगे, जबकि पूरे टूर्नामेंट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरीज के तौर पर 1 लाख रुपये का बड़ा इनाम मिलेगा। इसके अलावा बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अलग-अलग पुरस्कारों से नवाजा जाएगा।
इस बार गोल्ड कप पूरी तरह प्रोफेशनल अंदाज में खेला जाएगा। सभी मुकाबले रंगीन ड्रेस में सफेद गेंद से होंगे और क्वार्टर फाइनल से टूर्नामेंट नॉकआउट फॉर्मेट में पहुंच जाएगा। अधिकांश मुकाबले डे-नाइट होंगे, जिससे दर्शकों को फ्लडलाइट्स में हाई-वोल्टेज क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।
टूर्नामेंट के मुकाबले महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और अल्फा क्रिकेट स्टेडियम गणेशपुर में खेले जाएंगे। आयोजकों ने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और परिवहन की विशेष व्यवस्था की है। इस बार कई राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल खिलाड़ियों के भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की संभावना जताई जा रही है।
AI और क्रिकेट का अनोखा संगम
इस बार उत्तराखंड गोल्ड कप सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि तकनीक और शिक्षा का नया संदेश भी देगा। वैश्विक शिक्षा कंपनी ‘नेक्स्ट जेन एकेडमी’ टूर्नामेंट की टाइटल स्पॉन्सर बनी है। कंपनी उत्तराखंड से अपने विशेष AI एजुकेशन अभियान की शुरुआत कर रही है, जिसके तहत स्कूली बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल टेक्नोलॉजी की जानकारी दी जाएगी।
कंपनी प्रतिनिधियों ने कहा कि AI का उद्देश्य शिक्षकों की जगह लेना नहीं, बल्कि शिक्षा को और मजबूत बनाना है। बच्चों के लिए विशेष AI मॉड्यूल और डिजिटल कंटेंट तैयार किए जाएंगे, ताकि वे भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार हो सकें।
ग्रुप ए: उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन, सहगल क्रिकेट क्लब
ग्रुप बी: दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, ओडिसा क्रिकेट एसोसिएशन, इंडियन रेलवे
ग्रुप सी: त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, ए एंड एस कोलकाता बंगाल
ग्रुप डी: गोवा क्रिकेट एसोसिएशन, केरला क्रिकेट एसोसिएशन, एल.बी. शास्त्री क्रिकेट क्लब, नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष राजीव दत्ता, डॉ. जे.एस. सचान, योगेन्द्र बाजपाई, कुमार थापा, दीपक जोशी, संतोष गैरोला, संदीप सिंह रावत, देवेन्द्र सती, इन्दीवर सरल, एम.सी. शाह, पी.सी. कोठारी और डी.के. शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
देहरादून में शुरू होने जा रहा यह क्रिकेट महाकुंभ खेल प्रेमियों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होगा। सभी की निगाहें 7 जून को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिक गई हैं, जहां नया चैंपियन गोल्ड कप की चमचमाती ट्रॉफी उठाएगा।

Recent Comments