देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए देहरादून में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की भूमिका को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाना था। प्रशिक्षण शिविर में जनपद देहरादून की सभी विधानसभाओं के बीएलए-1, जिलाध्यक्षों, महानगर, नगर और ब्लॉक अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया, जहाँ उन्हें चुनावी बारीकियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता और पूर्व विधायक मनोज रावत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अभी से अपने-अपने बूथों पर सक्रिय हो जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘एसआईआर’ (SIR) प्रक्रिया में बीएलए की गंभीर और सजग भूमिका ही आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस पूरी प्रक्रिया के दौरान बीएलए के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करें ताकि संगठन की कार्यकुशलता में वृद्धि हो सके।
इसी क्रम में प्रशिक्षण के मुख्य ट्रेनर अखिलेश उनियाल ने ‘एसआईआर’ प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी और दस्तावेजीकरण की महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विस्तार से बताया कि किस प्रकार बीएलए, प्रभारी, जिला और ब्लॉक अध्यक्ष आपसी तालमेल और संवाद के माध्यम से इस को सफल बना सकते हैं और पार्टी की मजबूती में योगदान दे सकते हैं। प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी ने भी आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं को भविष्य की रणनीति से अवगत कराया।
इस अवसर पर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जिला अध्यक्ष संजय किशोर, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, गोदावरी थापली, अमेंद्र बिष्ट, रितेश जोशी, डिंपल सिंह, रिहाना परवीन, दिनेश कौशल, सुरेंद्र सिंह नेगी (करतार), प्रशांत खंडूड़ी, संजय जैन, गौतम डोगरा, राजकुमार जायसवाल और अनूप सक्सेना सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक व नगर अध्यक्ष एवं बीएलए उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे पूरी निष्ठा के साथ बूथ स्तर पर पार्टी को विजयी बनाने के लिए कार्य करेंगे।

Recent Comments