
पौड़ी। जनपद में बढ़ती वनाग्नि की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त रूप से सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार ने सभी पुलिस इकाइयों और फायर सर्विस को सतर्क रहने, हर सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने और वन संपदा व वन्यजीवों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय भी बढ़ाया गया है।
इसी क्रम में 26 मई 2026 को उपवन क्षेत्राधिकारी सतपुली रेंज श्री मदन सिंह नेगी ने कोतवाली पौड़ी को सूचना दी कि फल्दा वन पंचायत क्षेत्र में दो व्यक्ति जंगल में आग लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और दोनों व्यक्तियों को रंगे हाथों आग लगाते हुए गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण राजस्व क्षेत्र से संबंधित होने के कारण कोतवाली पौड़ी में शून्य (Zero FIR) दर्ज की गई है। मामले में साक्ष्य संकलन और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुँचाने और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाले ऐसे कृत्यों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि जंगलों में आग लगाने जैसी गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते नुकसान को रोका जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
- पवन कुमार (38 वर्ष), निवासी पटवालस्यू, पौड़ी गढ़वाल
- महेंद्र सिंह (56 वर्ष), निवासी पटवालस्यू, पौड़ी गढ़वाल
पंजीकृत अभियोग
मुकदमा अपराध संख्या 01/26, धारा 33 भारतीय वन अधिनियम एवं धारा 326 BNS, पट्टी पटवालस्यू।

Recent Comments