
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के विज़न और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों के तहत जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के दौरान दून पुलिस ने 28 मई 2026 को तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी, नकबजनी और अवैध सट्टेबाजी में लिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया। लगातार चेकिंग, सत्यापन और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते पुलिस ने तीन महत्वपूर्ण मामलों का सफल अनावरण किया।
थाना सेलाकुई क्षेत्र में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर जसवीर सैनी पुत्र जोरावर सिंह, निवासी अकबर कॉलोनी कृष्णा नगर, को 6.85 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0 64/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। कार्रवाई में उ0नि0 सुमेर सिंह, का0 बीर सिंह कुमार और का0 अमित कुमार शामिल रहे।
इसी दिन कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण किया। 21 मई को बैंक ऑफ इंडिया, एस्ले हॉल शाखा के बाहर लगे एटीएम के एयर कंडीशनर आउटडोर यूनिट और कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 27 मई को ललिता देवी पत्नी लुटकुन साहनी, निवासी आजाद कॉलोनी गोविंदगढ़, को चोरी किए गए सामान सहित गिरफ्तार किया। बरामदगी में कैरियर कंपनी का स्प्लिट एसी आउटडोर यूनिट मय कॉपर वायर (कीमत ₹50,000) शामिल है। पूछताछ में अभियुक्ता का पूर्व में भी कई चोरी के मामलों में जेल जाना प्रकाश में आया। कार्रवाई में SI संदीप कुमार, म0उ0नि0 ज्योति कन्याल, अ0उ0नि0 हरी प्रसाद पुरोहित, हे0का0 धर्मेंद्र, का0 सोनी कुमार और कानि0 संदीप रावत शामिल रहे।
उधर, कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सौंग नदी के पुराने पुल के पास दो युवकों—खुशहाल सैनी और रबजी सिंह—को सट्टा पर्ची बनाते और रुपये की हार-जीत की बाजी लगाते हुए गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से ₹12,020 नगद, एक पैन और एक डायरी बरामद की गई। दोनों के विरुद्ध मु0अ0सं0 166/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम में उ0नि0 मुकेश कुमार, हे0का0 सुधीर सैनी और कानि0 वीर सिंह शामिल रहे।
दून पुलिस की इन त्वरित और प्रभावी कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनपद में नशा तस्करी, चोरी और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Recent Comments