उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किए गए अनिल कुमार राणा

वरिष्ठतम सदस्य को मिली बड़ी जिम्मेदारी, नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति तक संभालेंगे पद के सभी दायित्व

देहरादून। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC) में वरिष्ठतम सदस्य अनिल कुमार राणा को कार्यवाहक अध्यक्ष नामित किया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी आयोग में अध्यक्ष पद के रिक्त होने के बाद दी गई है। राज्य सरकार के कार्मिक एवं सतर्कता विभाग ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है।

उप सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता, उत्तराखण्ड शासन जसविन्दर कौर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अनिल कुमार राणा आयोग के वरिष्ठतम सदस्य हैं। उन्हें कार्यवाहक अध्यक्ष नामित करते हुए स्पष्ट किया गया है कि वह आयोग में अध्यक्ष पद पर नियमित नियुक्ति होने तक तथा नवनियुक्त अध्यक्ष द्वारा पदभार ग्रहण करने तक अध्यक्ष पद के सभी कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग राज्य में समूह ‘अ’ एवं समूह ‘ब’ की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भर्तियों का आयोजन कराता है। ऐसे में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसी वरिष्ठतम सदस्य को सौंपना प्रशासनिक परंपरा के अनुरूप माना जा रहा है।

अनिल कुमार राणा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाने से आयोग में चल रही विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा। अब उनके नेतृत्व में ही आगामी परीक्षाओं की तिथियां एवं अन्य निर्णय लिए जाएंगे।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में अभी कुछ समय लग सकता है। तब तक अनिल कुमार राणा ही आयोग के सभी कार्यों की देखरेख करेंगे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments