विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर क्लेमेनटाउन में जागरूकता कार्यक्रम, छावनी परिषद घोषित तंबाकू मुक्त

देहरादून। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय देहरादून के अंतर्गत संचालित जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ द्वारा छावनी बोर्ड परिषद क्लेमेनटाउन में जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के सफाई निरीक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ ने प्रतिभाग कर तंबाकू निषेध के प्रति जागरूकता का संदेश ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को तंबाकू उत्पादों के सेवन से शरीर पर पड़ने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही तंबाकू कंपनियों द्वारा आकर्षक विज्ञापनों के माध्यम से विशेषकर युवाओं को लक्षित कर उन्हें लत की ओर धकेलने की रणनीतियों से आगाह किया गया।

इस वर्ष की थीम “तंबाकू और निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की रणनीति को उजागर करना” पर प्रकाश डालते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोग तंबाकू सेवन के कारण अपनी जान गंवाते हैं। वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू कंपनियां किशोरों और युवाओं को नए ग्राहक बनाने के लिए भ्रामक प्रचार और आकर्षक तरीकों का सहारा लेती हैं, जिससे बचाव के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में डॉ. अनुराधा, मनोवैज्ञानिक द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन कर रोचक एवं प्रभावी तरीके से तंबाकू निषेध का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं सीईओ प्रतिनिधि द्वारा तंबाकू निषेध के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पुलिस विभाग से उप निरीक्षक कृपाल सिंह (थाना सेलाकुई) एवं थानाध्यक्ष मोहन सिंह (क्लेमेनटाउन), शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य ललित किशोर शर्मा (पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कॉलेज ऋषिकेश) एवं दून इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य, छावनी परिषद से सफाई निरीक्षक सोनू लाला एवं अमित कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता ताजबर सिंह भंडारी शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान छावनी बोर्ड परिषद क्लेमेनटाउन को कोटपा अधिनियम 2003 के प्रावधानों के अनुरूप मानकों को पूर्ण करने पर “तंबाकू मुक्त परिषद” घोषित किया गया।

कार्यक्रम में छावनी बोर्ड परिषद से भूपेंद्र सिंह, डॉ. सुनीता कठैत, राम पांडे सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से डॉ. निधि रावत (एसीएमओ), डॉ. अनुराधा (मनोवैज्ञानिक), अर्चना उनियाल (जिला सलाहकार), रेखा उनियाल (सामाजिक कार्यकर्ता), अनुराग उनियाल (डीईओ) तथा बाला जी सेवा संस्थान से अवधेश (अधिशासी अधिकारी), ममता थापा, श्वेता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments