
उत्तरकाशी। डुण्डा पुलिस की तेजी और संवेदनशीलता से एक महत्वपूर्ण मामले का सफल समाधान निकला। दो नाबालिग बालिकाएं जो घर से लापता हो गई थीं, पुलिस की गहन खोजबीन के बाद सकुशल बरामद कर दी गईं।
30 मई 2026 को नेपाल मूल के दो व्यक्तियों ने चौकी डुण्डा में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्रियां बिना किसी सूचना के घर से गायब हो गई हैं। नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में तत्काल खोजबीन अभियान शुरू किया गया।
चौकी डुण्डा के प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के तहत आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की। संभावित स्थानों पर व्यवस्थित तलाश और गहन सुरागरसी के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई। इन अथक प्रयासों के फलस्वरूप दोनों बालिकाओं को 30 मई की शाम को ब्रह्मखाल क्षेत्र के सिलक्यारा गांव में स्थित छानियों से सकुशल बरामद किया गया।
पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और लंबे समय से विद्यालय नहीं जा रही थीं। घर में मन न लगने के कारण वे घर छोड़कर दूर जाने की योजना बना रही थीं।
पुलिस द्वारा दोनों बालिकाओं की उचित काउंसलिंग की गई और उन्हें सुरक्षित रूप से उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिवार के सदस्यों ने पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही की भूरि-भूरि सराहना की।

Recent Comments