
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित समारोह में चार विभागों के अंतर्गत चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
वितरित नियुक्ति पत्रों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 और नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि वर्षों के परिश्रम, अनुशासन और धैर्य के बाद युवाओं को मिली यह सफलता उनकी प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं जवाबदेह बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। अब युवाओं की सफलता का आधार केवल योग्यता और मेरिट है।

उन्होंने जानकारी दी कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित कार्मिकों से कार्यकुशलता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई। कहा कि जब योग्य और कर्मठ युवा व्यवस्था में आगे आते हैं, तब विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के कार्मिक प्रदेश के सुनियोजित विकास में योगदान देंगे। प्राविधिक शिक्षा विभाग से जुड़े युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देंगे। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कार्मिक मातृ एवं बाल कल्याण के कार्यों का निर्वहन करेंगे, जबकि वन विभाग में चयनित युवा वन संपदा एवं जैव विविधता के संरक्षण में भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार भी विकसित उत्तराखंड के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जहां घोषणा से अधिक डिलीवरी, वादों से अधिक परिणाम और राजनीति से अधिक विकास को महत्व दिया जाता है।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव रंजीत कुमार सिन्हा, चंद्रेश कुमार, आर. राजेश कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव रंजीत कुमार सिन्हा, चंद्रेश कुमार, आर. राजेश कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


Recent Comments