
देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी 4 और 5 जून के उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए देहरादून के राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसने आज से विधिवत रूप से अपना काम शुरू कर दिया है। प्रदेश महामंत्री और कंट्रोल रूम प्रभारी नवीन जोशी के नेतृत्व में आज से ही तैयारियों को लेकर व्यापक स्तर पर समन्वय का कार्य प्रारंभ हो गया है।
इस दौरान कंट्रोल रूम प्रभारी नवीन जोशी और उनकी पूरी टीम ने एक्शन मोड में आते हुए उत्तराखंड भर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, सभी जिला व महानगर अध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों तथा संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क साधा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों का फीडबैक लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। नवीन जोशी ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर इस दौरे को भव्य बनाने के लिए पूरे समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर तैयारियों की रूपरेखा साझा करते हुए प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने कहा कि राहुल गांधी का यह उत्तराखंड दौरा प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे प्रदेश में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की बारीकी से निगरानी और समन्वय किया जा रहा है। कांग्रेस का मुख्य प्रयास यही है कि इस दौरे की प्रत्येक व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहे और राज्य के अंतिम छोर पर बैठे कार्यकर्ता तक समय पर सटीक जानकारी पहुंचती रहे।
इस दौरान कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें महामंत्री राजेंद्र भंडारी, मनीष नागपाल, अखिलेश उनियाल, सुलेमान अली, जितेंद्र बिष्ट और प्रीतम सिंह आर्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में शामिल सभी सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और इस दौरे को हर हाल में सफल बनाने का सामूहिक संकल्प व्यक्त किया। कांग्रेस मुख्यालय के अनुसार, यह कंट्रोल रूम राहुल गांधी के उत्तराखंड प्रवास के दौरान होने वाले सभी कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं का मुख्य केंद्र होगा, जिसके माध्यम से लगातार समन्वय किया जाएगा ताकि प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं और आम जनता को आवश्यक जानकारियां समय पर मिलती रहें।

Recent Comments