
देहरादून: दून पुलिस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन को मजबूती देने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों पर शिकंजा कसा है।
कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर ब्रह्मपुरी कालाग्राउंड इलाके से निर्मला नामक महिला नशा तस्कर को 5 किलो 992 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्ता निर्मला पत्नी धर्मेंद्र साहनी (40 वर्ष), निवासी निकट ट्यूबवैल नंबर-4, ब्रह्मपुरी, थाना पटेलनगर देहरादून रहने वाली है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजे की खेप बिहार से लाई थी, जिसे सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों में कार्यरत मजदूरों तथा स्थानीय नशेड़ियों को बेचने की योजना बना रही थी। विशेष बात यह है कि गिरफ्तार महिला के पति धर्मेंद्र साहनी को पहले भी पुलिस अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

एसएसपी दून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने रात के समय चेकिंग के दौरान यह सफल कार्रवाई की। टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण पुण्डीर (चौकी प्रभारी बाजार), हेड कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, नितिन सैनी एवं महिला कांस्टेबल संजू शामिल थे। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा नंबर-335/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
दून पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Recent Comments