
ललतारौ पुल से अपर रोड तक 80 से अधिक अस्थायी कब्जे हटे, कलियर-धनोरी में 200 से ज्यादा रेहड़ी-ठेली व खोखे हटाए गए
हरिद्वार । मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद जनपद हरिद्वार में जिला प्रशासन ने बुधवार को नगर निगम क्षेत्र से लेकर विभिन्न तहसील क्षेत्रों तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने साफ किया है कि जनहित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नगर निगम क्षेत्र में जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने ललतारौ पुल से अपर रोड तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मार्ग और नालियों के ऊपर किए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के समय कुछ स्थानीय व्यापारियों ने अभियान में गत्यवरोध पैदा करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभियान बिना रुके जारी रहा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।
प्रशासन ने इस दौरान संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी भी दी। नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट कहा गया कि भविष्य में यदि नालियों के ऊपर, नाली की सीमा से बाहर, या सड़क-फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का सामान, निर्माण सामग्री या व्यावसायिक सामग्री रखी गई, तो उसे तत्काल जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ तहरीर देकर विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
हरिद्वार शहर में चले इस अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, पुलिस प्रशासन और नगर निगम हरिद्वार की टीम मौके पर मौजूद रही।
उधर रुड़की क्षेत्र में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम ने कलियर से धनोरी तक उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाए। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित लगभग 200 से अधिक रेहड़ी, ठेली और खोखे हटाए गए, जबकि तीन स्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया।
लक्सर बाजार में भी सड़क किनारे, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला ने बताया कि अभियान के दौरान पांच लोगों के चालान किए गए और सभी को चेतावनी दी गई कि सड़क, फुटपाथ और नालियों के ऊपर किसी भी दशा में अतिक्रमण न किया जाए।
वहीं भगवानपुर तहसील में प्रशासन ने अगले चरण की तैयारी शुरू कर दी है। उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बुधवार को भगवानपुर क्षेत्र में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सूचित किया गया कि वे सड़क, नालियों और फुटपाथ से अतिक्रमण स्वयं हटा लें। प्रशासन ने चेताया है कि यदि लोगों ने स्वयं कब्जे नहीं हटाए, तो कल से भगवानपुर में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया जाएगा।

Recent Comments