ऋषिकेश में पुलिस-मुठभेड़: 15-15 हजार के दो इनामी बदमाश ढेर, फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

देहरादून । चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच ऋषिकेश में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना रविवार रात नटराज चौक क्षेत्र की है, जहां पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक नजर आए, जिन्होंने चेहरों को कपड़े से ढका हुआ था। पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज करते हुए बदमाश बैरियर तोड़कर हरिद्वार बाईपास की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया और खांड गांव के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने जंगल की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलने से गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन के साइड मिरर पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी।

घायल बदमाशों की पहचान आमिर (22) निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार और अनवारूल हक उर्फ अनवर (24) निवासी सीतामढ़ी, बिहार (हाल निवासी दिल्ली) के रूप में हुई है। दोनों कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले भुट्टोवाला क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर इनका स्थानीय लोगों से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान बदमाशों ने अपने साथी वसीम के साथ मिलकर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। इस मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि ये दोनों फरार चल रहे थे।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी बिहार में लूट और हत्या की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए थे। वहां पुलिस से बचने के लिए वे ऋषिकेश आकर छिपे हुए थे और लूट की रकम बांटने की फिराक में थे।

मौके से पुलिस ने एक 32 बोर की पिस्टल, एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस पर फायरिंग के मामले में आरोपियों के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी देहरादून ने कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश बताते हुए पुलिस टीम की सराहना की है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments