
मोथरोवाला में दरबार भूमि को लेकर बवाल: संगतों पर पथराव, मुख्य आरोपी पकड़ा; भू-माफिया नेटवर्क पर उठे सवाल
देहरादून। राजधानी के मोथरोवाला क्षेत्र में दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज की भूमि को लेकर बुधवार को तनावपूर्ण हालात पैदा हो गए। संगतों पर कथित भू-माफियाओं द्वारा पथराव और मारपीट की घटना सामने आई, जिसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। संगतों ने मुख्य आरोपी नितिन मनेरिया को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में थाना क्लेमेन्टाउन में एफआईआर दर्ज की गई है।
दरबार प्रशासन के अनुसार, करीब पांच बीघा भूमि पर न्यायालय का स्टे होने के बावजूद नितिन मनेरिया और उसके सहयोगियों द्वारा लगातार अवैध कब्जा, प्लॉटिंग और निर्माण कार्य किए जा रहे थे। इसी के विरोध में 10 जून को बड़ी संख्या में संगतें कार सेवा और निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची थीं।
बताया गया कि दोपहर करीब दो बजे संगतों के पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी अपने साथियों के साथ कई वाहनों में मौके पर पहुंचा और कथित रूप से हथियारों के साथ झाड़ियों में छिप गया। जैसे ही संगतों के जत्थे वहां पहुंचे, आरोपियों ने अचानक पथराव और हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवकों ने साहस दिखाते हुए मुख्य आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।
घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज महंत इन्दिरेश अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और स्थानीय लोगों ने बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताई है।
दरबार प्रशासन का दावा है कि आरोपी ने मौके पर ही कैमरे के सामने यह स्वीकार किया कि संबंधित भूमि दरबार की है और उससे गलती हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
संगतों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि दरबार की एक इंच भूमि पर भी अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा और इसके लिए वैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। वहीं प्रशासन से भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
दरबार के वरिष्ठ व्यवस्थापक विजय गुलाटी ने बताया कि कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की सूची संगतों को उपलब्ध कराई गई है, ताकि संवाद के जरिए विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके। उन्होंने कहा कि दरबार प्रशासन का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए अपनी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
गौरतलब है कि देहरादून में हाल के वर्षों में भू-माफियाओं की गतिविधियां बढ़ने के कई मामले सामने आए हैं, जिससे इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यहां देखें दरबार साहब की पुलिस में रिपोर्ट



Recent Comments