
रुद्रपुर: उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के हथियार और ड्रग्स तस्कर को सोमवार तड़के बाजपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ईशानप्रीत सिंह पंजाब में कई संगीन मामलों में वांछित था और पिछले कई दिनों से उत्तराखंड में छिपकर रह रहा था। इस गिरफ्तारी में उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और उधम सिंह नगर जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, गत 23 मई को पंजाब के अमृतसर में बीएसएफ और एएनटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर ईशानप्रीत के घर पर दबिश दी थी। लेकिन पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख वह मकान की छत से कूदकर भाग निकला। हालाँकि तलाशी के दौरान उसके घर से भारी मात्रा में अवैध शस्त्र और नशीला पदार्थ बरामद हुआ था। जब्त सामान में 12 पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी, जिसमें चीन में बनी कई पिस्टलें भी थीं।
जाँच एजेंसियों ने खुलासा किया कि यह तस्कर पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के रास्ते हथियारों और हेरोइन की खेप मंगवाता था। इसकी सूचना मिलने के बाद केंद्रीय एजेंसियाँ भी सतर्क हो गई थीं और उसके हर संभावित ठिकाने पर नज़र रखी जा रही थी। पंजाब में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद पता चला कि ईशानप्रीत सिंह बीएसएफ की कार्रवाई के बाद सीधा उत्तराखंड भाग आया था और उधम सिंह नगर के बाजपुर इलाके में झुग्गी-झोपड़ियों के बीच नाम बदलकर रह रहा था। लेकिन ऑपरेशन प्रहार के तहत जुटाई गई खुफिया जानकारी ने एसटीएफ को उसके ठिकाने तक पहुँचा दिया। सोमवार तड़के केशवनगर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया, जब तक उसे कुछ समझ आता, तब तक पुलिस ने उसे चारों ओर से काबू में कर लिया था।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे कानूनी कार्यवाही के लिए पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस टीमें उसके संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और तस्करी नेटवर्क के दूसरे सदस्यों के बारे में पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और तस्करी के खिलाफ अब और सख्त अभियान चलाया जाएगा।

Recent Comments