बंशीधर तिवारी का सख्त संदेश: विकास में रफ्तार, गुणवत्ता से समझौता नहीं—अवैध निर्माण पर जारी रहेगी कार्रवाई

किया विकास परियोजनाओं का मैराथन निरीक्षण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने विकास कार्यों में तेजी ला दी है। बुधवार को उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों के साथ सिटी फॉरेस्ट, कालसी घाट, आमवाला तरला और धौलास आवासीय योजना समेत कई परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर साफ संदेश दिया कि गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं होगा, जबकि अवैध निर्माणों पर सख्ती जारी रहेगी।

सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट को आधुनिक सुविधाओं और हरित विकास के मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना सामने आई है। यहां ट्री हाउस के नवीनीकरण, पैदल मार्गों के सौंदर्यीकरण, बांस रोपण, लोटस फाउंटेन और भारत माता मंदिर के निर्माण के निर्देश दिए गए। पार्क में स्थापित 120 किलोवाट सोलर प्लांट से बिजली खर्च में करीब 90 प्रतिशत की बचत हो रही है, जिसे हरित ऊर्जा की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

आमवाला तरला आवासीय योजना का निरीक्षण करते हुए तिवारी ने जुलाई से लाभार्थियों को कब्जा देने के निर्देश दिए। वहीं धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार टावरों में भी 30 जुलाई से आवंटन प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई।

कालसी यमुना घाट के कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए जुलाई तक लोकार्पण की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और पुनः उपयोग के लिए नगर निगम व स्मार्ट सिटी के साथ संयुक्त रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और नियोजित शहरी विकास के नए मानक स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और जनहित के साथ गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments