
सचिवालय शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का केंद्र : धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचकर नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी एवं संजय कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल एवं सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल और प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित पूरी नई कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय महज एक इमारत नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का सबसे बड़ा केंद्र है, जहां से नीतियां आकार लेती हैं और विकास की रूपरेखा तैयार होती है। उन्होंने कहा कि सचिवालय में तैनात हर अधिकारी और कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के सपने को साकार करने में बराबर का भागीदार है, क्योंकि सरकारी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने में इस परिवार की भूमिका निर्णायक होती है। धामी ने सचिवालय कर्मियों को शासन और जनता के बीच भरोसे का पुल बताया और कहा कि उनकी कार्यकुशलता व समर्पण से ही योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच पाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शुरू से ही शासन तंत्र को संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने में जुटी है और इसके लिए विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ निरंतर संवाद बनाए हुए है। उन्होंने एक मजबूत और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र को सुशासन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि जब शासन और कर्मचारी टीम भावना से काम करते हैं तो विकास कार्यों को रफ्तार मिलती है और जनता का भरोसा भी मजबूत होता है। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और ई-गवर्नेंस को सशक्त करने के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया, जिनका मकसद नागरिकों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सचिवालय आने वाले समय में बेहतर कार्य संस्कृति और सकारात्मक माहौल के जरिये सुशासन की नई मिसाल कायम करेगा। उन्होंने नई कार्यकारिणी से सेवा और समर्पण भाव से दायित्व निभाते हुए उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के सरकार के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा की। कार्यक्रम में शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Recent Comments