एसटीएफ का बड़ा एक्शन: गदरपुर से युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथ फैलाने का आरोप

देहरादून/उधमसिंहनगर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राज्य में कथित राष्ट्रविरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उधमसिंहनगर जिले के गदरपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को भड़काने और उग्र विचारधारा से जोड़ने का आरोप है।

एसटीएफ को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर मो. सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे विधिक धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म पर कई संदिग्ध समूह, चैट और सामग्री मिलने का दावा किया गया है, जिनमें कथित रूप से जिहादी और उग्र विचारधारा से जुड़े संदेश शामिल हैं।

एसटीएफ के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी के कुछ अंतरराज्यीय और संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के संकेत भी मिले हैं। जांच एजेंसियां इन कनेक्शनों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कुछ चैट और संपर्कों को डिलीट कर दिया था।

देर रात चलाए गए सर्च अभियान के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक पिस्टल, कारतूस और विस्फोटक सामग्री से जुड़े उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से संपर्क की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152, 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी) और 66(एफ) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ का कहना है कि तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक सूचनाओं में विदेशी हैंडलर से संभावित संपर्क और किसी बड़ी घटना की तैयारी के संकेत भी मिले हैं, जिसकी विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत राज्य में इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि की जानकारी तत्काल साझा करें, सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments