ट्रामाडोल तस्करी का नेटवर्क बेनकाब: मुजफ्फरनगर का दवा कारोबारी गिरफ्तार, 35 लाख के अवैध सौदे का खुलासा

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के एक दवा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर उत्तराखंड में प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति कर बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार संचालित करने का आरोप है।

एसटीएफ के अनुसार, यह कार्रवाई 11 मई 2026 को हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र से 18,000 ट्रामाडोल कैप्सूल की बरामदगी के बाद आगे बढ़ाई गई जांच का परिणाम है। इस मामले में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे की विवेचना के दौरान अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर के संचालक सचिन मनिहाल को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न दवा कंपनियों से प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल मंगवाकर उत्तराखंड के देहरादून और हरिद्वार समेत अन्य क्षेत्रों में सप्लाई करता था। इन दवाओं को मूल कीमत से कई गुना अधिक दरों पर बेचकर अवैध लाभ कमाया जा रहा था।

एसटीएफ ने बताया कि जनवरी से मई 2026 के बीच मात्र पांच महीनों में आरोपी द्वारा एक ही दवा कंपनी से करीब 35 लाख रुपये के ट्रामाडोल कैप्सूल खरीदे जाने के प्रमाण मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित दवाओं की खरीद और आपूर्ति की बात स्वीकार की है।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। साथ ही अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की पड़ताल जारी है।

कार्रवाई मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर की गई। एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी के पास से तस्करी में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस टीम में निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा समेत एएनटीएफ के अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments