

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत उमंग, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सामूहिक रूप से तिरंगा फहराया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों, सीमा पर तैनात वीर जवानों और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई तथा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर विकसित भारत के संकल्प की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में देश आत्मनिर्भरता की ओर निर्णायक कदम बढ़ा चुका है। सीएम धामी ने कहा कि जैसे हम विकास में सक्रिय योगदान देते हैं, उसी प्रकार समाज में फैलाए जा रहे नकारात्मक विमर्श (नेगेटिव नेरेटिव) और अफवाहों के प्रति भी हमें सजग रहना होगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि वे तुष्टिकरण, भ्रम और जातिवाद का झूठा नरेटिव फैलाने का काम कर रहे हैं, जबकि हमारी सरकार भीमराव आंबेडकर के विचारों और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को धरातल पर स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ को भी दोहराया।


वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और सैनिकों के त्याग को याद करते हुए नागरिकों से देश की समृद्धि में एकजुट होकर योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री की प्रेरणा का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या में स्थानीय और हथकरघा उत्पादों को प्राथमिकता दें, जिससे स्थानीय कारीगरों को समर्थन मिले और राज्य व राष्ट्र का विकास हो सके।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Recent Comments