
चमोली। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित नगरासू-घोलतीर गुरुद्वारे में शनिवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब यात्रा पर आए कुछ निहंग सिखों ने विरोध जताते हुए गुरुद्वारा परिसर में हंगामा कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, निहंगों का आरोप है कि 16 जून को कर्णप्रयाग में हुई एक घटना के दौरान स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने उनकी अपेक्षा के अनुरूप सहयोग नहीं किया। इसी नाराजगी के चलते वे नगरासू स्थित गुरुद्वारे पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और अपने पारंपरिक हथियारों का प्रदर्शन करने लगे। इससे गुरुद्वारे में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता और भय का माहौल बन गया। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में लगे कुछ सूचना बोर्ड भी क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है। सेवादारों के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप भी लगाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और आईटीबीपी के जवानों को भी तैनात किया गया। देर रात तक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और हालात को सामान्य बनाने के प्रयास जारी रहे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास पुंडीर ने बताया कि गुरुद्वारे में करीब सात निहंग मौजूद हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Recent Comments