
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण MDDA द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित कार्यक्रम स्वास्थ्य, आध्यात्म और प्रकृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना। पार्क की हरियाली और पहाड़ों की वादियों के बीच 1000 से अधिक लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन शामिल हुए। अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया, प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में बंशीधर तिवारी ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस बार योग दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा। MDDA ने इसे प्रकृति संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ा। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग तनाव कम करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव में मददगार है। युवाओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने दिखाया कि योग अब आधुनिक जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है।

आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में योग मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा देता है। योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य नहीं, समाज और राष्ट्र को स्वस्थ बनाने का अभियान है।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से योग और आध्यात्म की भूमि रहा है। राज्य सरकार प्रदेश को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और नशामुक्त समाज निर्माण में योगदान का आह्वान किया।
कार्यक्रम ने साबित किया कि सिटी फॉरेस्ट पार्क अब केवल मनोरंजन स्थल नहीं, स्वास्थ्य और सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है। प्रतिभागियों ने पार्क की स्वच्छता और सुविधाओं की सराहना की। यहां का ओपन स्पेस, ट्रैक और हरित क्षेत्र सामूहिक योग के लिए आदर्श हैं।

योग दिवस के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने 12 एकड़ में फैले पार्क का निरीक्षण किया। चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी थिएटर, सोलर प्लांट, ओपन जिम और ईवी चार्जिंग स्टेशन देखे। नागरिकों से सुविधाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने पार्क में आने वालों की राय के लिए QR कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। कहा कि तकनीक और जनभागीदारी से सार्वजनिक सेवाएं बेहतर होंगी।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि निरीक्षण के सुझावों को प्राथमिकता से लागू किया जाएगा। MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि भविष्य में भी पार्क में स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रम होंगे ताकि लोग स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ें।

Recent Comments