199वें दिन भी जारी रहा नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना, अब हल्द्वानी में भी शुरू होगा आंदोलन

देहरादून। नर्सिंग भर्ती को लेकर संघर्ष कर रहे बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना रविवार को लगातार 199वें दिन भी जारी रहा। कैबिनेट बैठक में भर्ती संबंधी कोई ठोस निर्णय नहीं होने से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी और निराशा देखने को मिली। एकता विहार धरनास्थल पर प्रदेशभर से सैकड़ों नर्सिंग कर्मी एकत्र हुए और आगामी रणनीति पर चर्चा की।
अभ्यर्थियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मांगों पर विचार के लिए एक माह का समय मांगा गया था, लेकिन समयसीमा पूरी होने के बावजूद कोई सकारात्मक निर्णय सामने नहीं आया। इससे नर्सिंग समुदाय में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है।

धरनारत युवाओं का कहना है कि वर्षों की पढ़ाई और प्रशिक्षण के बाद भी वे रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं। वहीं प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग स्टाफ की आवश्यकता बनी हुई है, बावजूद इसके भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार की चुप्पी समझ से परे है।अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि नर्सिंग भर्ती को वर्षवार आयोजित करने और अन्य लंबित मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसी क्रम में नर्सिंग एकता मंच ने घोषणा की है कि सोमवार 22 /6/2026से हल्द्वानी में भी धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, ताकि सरकार तक नर्सिंग समुदाय की आवाज और मजबूती से पहुंच सके।

नर्सिंग एकता मंच ने सरकार से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद कर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। मंच का कहना है कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि युवाओं को रोजगार और स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।धरने में नवल पुंडीर, प्रवेश रावत, मुकेश रमोला, स्तुति, प्रीति, संदीप, सपना, अमन, पपेंद्र, प्रदीप सहित अनेक नर्सिंग कर्मी मौजूद रहे।

देहरादून से शुरू हुआ यह आंदोलन अब प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार ले रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही सोमवार से हल्द्वानी में भी धरना प्रारम्भ कर आंदोलन को नई दिशा दी जाएगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments