
देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत रायपुर थाना पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब सात लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक शांति विहार, रायपुर निवासी सूरज रावत ने घर से ज्वेलरी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना रायपुर एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 25 जून को लाडपुर रिंग रोड के जंगल क्षेत्र से दो संदिग्धों—सोएब खान और अजहर—को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से चोरी की गई लगभग सात लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Recent Comments