
पौड़ी/ऋषिकेश,। श्रावण कांवड़ मेले में जुटने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को नीलकंठ महादेव मंदिर पैदल यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं होगा, सभी काम 15 जुलाई तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
मंडलायुक्त ने पैदल मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक चल रहे कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुचारु आवागमन, सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं की निर्बाध आपूर्ति प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ समयबद्ध और जिम्मेदारी से काम करें।
निरीक्षण के दौरान पेयजल, शौचालय, पार्किंग, सोलर लाइट, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा इंतजाम, यातायात नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने साफ निर्देश दिए कि निर्माण और मरम्मत से जुड़े सभी कार्य मेले से पहले पूरे कर लिए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने जिला पंचायत को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित सफाई के निर्देश दिए। वन विभाग को पैदल मार्ग पर स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मेडिकल टीम, एंबुलेंस, दवाइयां और आपात संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, ईई जल संस्थान अभिषेक वर्मा, निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी, लोनिवि के अपर सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी, एसडीओ वन चित्रांजलि नेगी, तहसीलदार वैभव जोशी, व्यापार मंडल पदाधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments