
रूड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 135वां संस्करण सुना। इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ जनभागीदारी को सशक्त बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन गया है।
सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देशभर में जनसहयोग से हो रहे प्रेरणादायी कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन, नवाचार, युवाओं की सहभागिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विचार साझा किए। पीएम ने नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश ‘सबका प्रयास’ की भावना को और सशक्त करते हैं। समाज के हर वर्ग की सहभागिता से ही विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी पीएम के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है।
इस दौरान राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत भाजपा मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Recent Comments