

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया है। राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट 15 अगस्त से प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाएंगे। 31 जुलाई 2022 को पार्टी के 10वें प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने वाले भट्ट 4 वर्ष 16 दिन का कार्यकाल पूरा कर लेंगे।
इससे पहले यह रिकॉर्ड नैनीताल लोकसभा सांसद अजेय भट्ट के नाम था, जिन्होंने 4 वर्ष 14 दिन तक यह जिम्मेदारी निभाई थी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भट्ट को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने चुनावी और संगठनात्मक दोनों मोर्चों पर मजबूती हासिल की है। 2022 में लगातार दूसरी बार विधानसभा में बंपर जीत और 2024 में लोकसभा की पांचों सीटों पर जीत को इसी कालखंड की बड़ी उपलब्धि बताया गया।
बागेश्वर, केदारनाथ सहित नगर निगम, नगर निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भी पार्टी को बढ़त मिली। कार्यकर्ताओं के अनुसार इस दौरान सहकारी समिति और दुग्ध समिति जैसे चुनावों में भी भाजपा का परचम लहराया।
पार्टी का कहना है कि भट्ट के कार्यकाल में बूथ और पन्ना स्तर तक कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की गई। “सबका साथ, सबका विश्वास” को आधार बनाकर संगठन की पहुंच और सक्रियता बढ़ी। प्राकृतिक आपदाओं और अन्य संकटों के समय कार्यकर्ताओं ने जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया।
राज्य निर्माण के बाद अब तक प्रदेश अध्यक्ष रहे नेताओं में पूरन चंद्र शर्मा, मनोहरकांत ध्यानी, पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, बच्ची सिंह रावत, बिशन सिंह चुफाल, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, अजेय भट्ट और बंशीधर भगत का कार्यकाल शामिल है।
कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के मार्गदर्शन में महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी लगातार तीसरी बार प्रचंड जीत दर्ज करेगी।

Recent Comments