रुड़की में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी खेलों की नई उड़ान

3.75 करोड़ की लागत से तैयार परिसर में जिम, बैडमिंटन कोर्ट समेत अत्याधुनिक इनडोर खेल सुविधाएं उपलब्ध

हरिद्वार/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर खिलाड़ियों के लिए विकसित की गई आधुनिक खेल सुविधाओं का अवलोकन किया और प्रशिक्षकों व खिलाड़ियों से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक खेल अवसंरचना युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड सरकार भी अपनी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के शुरू होने से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में सुसज्जित जिम, बैडमिंटन कोर्ट तथा अन्य आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। यह कॉम्पलेक्स खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, मेलाधिकारी कुंभ सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, एसपी देहात शेखर सुयाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments