

देहरादून/पटेलनगर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र संपूर्ण जनपद में चल रहे सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान के तहत दून पुलिस को अहम सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने पंजाबी कॉलोनी, निकट ISBT में किराये पर रह रही एक महिला को संदिग्ध पाए जाने पर पूछताछ के लिए थाने लाया। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना नाम हमीदा अख्तर उर्फ हमीदा खान, पुत्री मोहम्मद हसन, मूल निवासी ढाका, बांग्लादेश (उम्र 38 वर्ष) बताया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से हमीदा अख्तर के नाम पर एक बांग्लादेशी आईडी और एक बांग्लादेशी पासपोर्ट की तस्वीरें बरामद हुईं, जिसके बाद उसे अवैध रूप से भारत में निवास करने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्ता वर्ष 2017 में असम बॉर्डर पार कर भारत में दाखिल हुई थी। वर्ष 2018 में उसने दिल्ली निवासी अकरम नामक व्यक्ति से निकाह किया और लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व अपने पति के साथ देहरादून आकर चांचक पुल के पास एक बुटीक संचालित करने लगी। देहरादून में रहते हुए वह विभिन्न स्थानों पर किराये से रहने की बात भी स्वीकारती है। पुलिस के अनुसार, अवैध निवास में उसकी सहायता करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में पूर्व में भी 21 बांग्लादेशी नागरिकों पर कार्रवाई की जा चुकी है, 11 के विरुद्ध फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया, जबकि 10 को देश से डिपोर्ट किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध व्यक्तियों की खोज और सत्यापन अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा इस प्रकरण में डिपोर्टेशन की कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी।

Recent Comments