अब नहीं चलेगी मनमानी! मसूरी में अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का कड़ा एक्शन

अवैध निर्माण के दो भवन सील, नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी

देहरादून/मसूरी। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए बुधवार को मसूरी क्षेत्र में दो भवनों को सील कर दिया। सुवाखोली और किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर की गई इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया कि बिना स्वीकृति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले चंबा-टिहरी मोटर मार्ग स्थित सुवाखोली क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां विनोद बिष्ट द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य किए जाने की पुष्टि होने पर भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके बाद टीम ने मसूरी के किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर पहुंचकर सुषमा जैसवाल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण कार्य नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर इस भवन को भी सील कर दिया गया। दोनों स्थानों पर कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जहां भी बिना अनुमति निर्माण या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कार्य की जानकारी मिल रही है, वहां तत्काल निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में सुरक्षित, सुनियोजित और पर्यावरण-अनुकूल विकास सुनिश्चित करना भी है।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। बिना अनुमति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित सभी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने भवन स्वामियों से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने और निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भी नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर तत्काल जांच की जाती है और अनियमितता पाए जाने पर बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार निर्माण कराने से कानूनी विवादों से बचा जा सकता है और क्षेत्र का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा।

सीलिंग अभियान के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल मौजूद रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments