
पदोन्नति और NFU सहित लंबित मांगों पर सरकार को अल्टीमेटम
देहरादून। ऑप्टो इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री (ओएलएफ), रायपुर देहरादून में कार्यरत अराजपत्रित अधिकारियों ने बुधवार को अपनी लंबित मांगों के समर्थन में एक दिवसीय लंच बायकॉट कर केंद्र सरकार और फैक्ट्री प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। अखिल भारतीय अराजपत्रित अधिकारी संघ (AIANGOs) की ओएलएफ शाखा के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों ने भाग लिया और वर्षों से लंबित पदोन्नति, भर्ती नियमों में संशोधन तथा अन्य सेवा संबंधी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अधिकारी फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए और शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित विभाग ने समयबद्ध तरीके से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
संगठन की प्रमुख मांगों में DPC-2026 के तहत लंबित पदोन्नतियों को तत्काल लागू करना, ₹5400 ग्रेड पे के नॉन-फंक्शनल अपग्रेडेशन (NFU) का लाभ देना, 618 रिक्त पदों पर भर्ती, JWM (Technical) के लिए LDCE परीक्षा आयोजित करना, कैडर रिव्यू, भर्ती नियमों में संशोधन, Compassionate Appointment लागू करना तथा लंबित न्यायिक मामलों से प्रभावित कर्मचारियों को नोटional लाभ और बकाया भुगतान शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नॉर्थ ज़ोन चेयरमैन गिरीश चंद्र उप्रेती और पूर्व नॉर्थ ज़ोन अध्यक्ष उमाशंकर शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की जायज़ मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखेगा, लेकिन यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान ओएलएफ शाखा अध्यक्ष फिरोज़ खान, शाखा सचिव धर्मेंद्र, जेसीएम सदस्य कुलदीप कुमार, उपाध्यक्ष पंकज कुमार, संयुक्त सचिव प्रेम प्रकाश, , रंजन कुमार, राजेश कुमार, लक्ष्मी प्रसाद, रिंकू सिंह रावत, मोहित कुमार, आलोक कुमार, सी. एल. बैगा, अनुज कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए भविष्य के आंदोलनों में भी कर्मचारियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Recent Comments