
देहरादून। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर आयुक्तालय देहरादून ने बुधवार को आईआरडीटी सभागार में जीएसटी के सफल नौ वर्ष पूरे होने पर जीएसटी दिवस-2026 मनाया। इस वर्ष का थीम “सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत” रहा। कार्यक्रम में जीएसटी से कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी व करदाता-अनुकूल बनाने, व्यापार सुगमता बढ़ाने और सहकारी संघवाद को मजबूत करने की प्रगति पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि सचिव वित्त दिलीप जावलकर ने जीएसटी को ऐतिहासिक कर सुधार बताया। उन्होंने कहा कि इसने “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाज़ार” की अवधारणा को साकार किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सरलीकरण एवं समाधान” विजन का उल्लेख कर उन्होंने करदाताओं और कर प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया। सभी हितधारकों से नौ वर्षों की निष्ठा व प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।
सीजीएसटी आयुक्त डॉ. अशोक कुमार पाण्डे ने केंद्र व राज्य जीएसटी प्रशासन के समन्वय की सराहना की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में स्वैच्छिक कर अनुपालन से करदाताओं के योगदान की प्रशंसा की। जीएसटी अपीलीय प्राधिकरण देहरादून के तकनीकी सदस्य अमंद शाह और न्यायिक सदस्य राजेश जैन ने प्राधिकरण के कार्यारंभ की जानकारी दी और अपीलें देहरादून में प्रस्तुत करने का आग्रह किया।
सम्मान: उत्कृष्ट कर अनुपालन और राजस्व संवर्धन के लिए एम/एस अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड रुड़की, एम/एस नेस्ले इंडिया लिमिटेड रुद्रपुर तथा एम/एस भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड हरिद्वार को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों को भी प्रशस्ति-पत्र दिए गए।
सांस्कृतिक सत्र में सुश्री लक्ष्मी मिश्रा के नेतृत्व में जे.एम.एस. संगीत अकादमी के कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। संयुक्त आयुक्त श्रिया गुप्ता ने आभार जताया। कार्यक्रम राष्ट्रगीत से शुरू होकर राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।

Recent Comments