कांवड़ मेला 2026: DM मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश, 25 जुलाई तक पूरी हों सभी तैयारियां, 30 जुलाई से शुरू होगा मेला

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को 25 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगा। मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रियों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बिजली-पानी से लेकर ट्रैफिक तक के निर्देश
डीएम ने बिजली, पेयजल, बैरिकेडिंग, पार्किंग, कांवड़ पटरी मार्ग की झाड़ियों की कटाई और पेड़ों की लॉपिंग समय रहते पूरी करने को कहा। NHAI को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूरे कर निर्माण सामग्री तुरंत हटाई जाए, जिससे यातायात बाधित न हो।

नगर निगम और जिला पंचायत को व्यापक सफाई अभियान, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई और पर्याप्त पानी की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। CMO को कांवड़ मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने और बिना अनुमति निजी स्वास्थ्य शिविरों पर रोक लगाने को कहा। खाद्य सुरक्षा विभाग होटल, ढाबों की नियमित जांच करेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करानी होगी ताकि ओवररेटिंग या मिलावट की शिकायत न आए।

सिंचाई विभाग और संबंधित एजेंसियों को सभी घाटों पर रेलिंग, चेन और अन्य सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने व साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्ग और घाटों पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलेगा।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। सभी विभागों से समन्वय पर जोर दिया।

बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, अपर मेला अधिकारी दयानन्द सरस्वती, एडीएम जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, सचिव एचआरडीए प्रत्युष सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखर सुयाल, एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments