
देहरादून। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को और सुदृढ़ किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि खिर्सू, पाबों एवं थलीसैण विकासखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 23 नए मोटरमार्ग बनाए जाएंगे, जिससे दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचेगी।
मंगलवार को शासकीय आवास पर यूआरआरडीए और PMGSY अधिकारियों के साथ बैठक में डॉ रावत ने विभिन्न मोटरमार्गों के निर्माण, डामरीकरण, नए सर्वेक्षण और आपदाग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण की समीक्षा की। उन्होंने गवाणा-मंगलाकोटी, बयाली-मथीगांव, पाटोली से नौगांव-पजयाना, चमेलियू-नैलटौक, बगड-कण्डोला-धरखोला-भण्डई, एनएच से चुणखेत-मेगोरी-ऐगार, पाबौं-मासौं से ईटूड-धरकोट तल्ला, तलबैंड-मथीगांव, चौरा-बंगारी, त्रिपालीसैंण-किरसाल समेत 23 प्रस्तावित मोटरमार्गों के कार्यों में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध पूरी करने के निर्देश दिए।
युद्धस्तर पर होंगे आपदाग्रस्त सड़कों के काम
डॉ रावत ने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा, ताकि आमजन को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य श्रीनगर विधानसभा के हर गांव को बेहतर, सुरक्षित सड़क संपर्क देना है। सड़क नेटवर्क से विकास को गति मिलेगी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
25 मोटरमार्ग PWD को हस्तांतरित
अधिकारियों ने बताया कि पाबों, खिर्सू व थलीसैण में 25 मोटरमार्ग लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इनमें श्रीनगर-1 खंड के 21, श्रीनगर-2 खंड का 1 और सिंचाई खंड बैजरो की 3 सड़कें शामिल हैं। शेष निर्माणाधीन मार्गों और नई सड़कों का सर्वेक्षण भी जल्द पूरा होगा।
बैठक में मुख्य अभियंता यूआरआरडीए एस. के. पाठक, मुख्य अभियंता गढ़वाल मनीष मित्तल, एसई PMGSY एस. के. बसलियाल, ईई पी. आर. चमोली, पी.एस. बिष्ट और ईई यूआरडीडीए विजयपाल नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments